, English तत्काल जारी करने के लिए
“हमारी सरकार का पहला दायित्व हमारे लोगों के प्रति है, हमारे नागरिकों के प्रति है — उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना, उनके अधिकारों को संरक्षित करना, और उनके मूल्यों की रक्षा करना।” – राष्ट्रपति डोनल्ड जे. ट्रंप
एक नए युग के लिए एक नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति: पद संभालने के एक साल के भीतर, राष्ट्रपति डोनल्ड जे. ट्रंप एक नई राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति घोषित कर रहे हैं जो अमेरिका के लिए एक सकारात्मक रणनीतिक दिशा तय करती है जो कि दुनिया में अमेरिका की बढ़तों को पुनर्स्थापित करेगी और राष्ट्र की महान ताकतों को मजबूत करेगी।
- राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2017 (रणनीति) विदेशों में अमेरिका के प्रति सम्मान को पुनर्स्थापित करने और देश में अमेरिकी आत्मविश्वास को नया जीवन देने के लिए 11 महीनों में राष्ट्रपति द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाती है।
- सामरिक आत्मविश्वास अमेरिका को अपने महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हितों की रक्षा में सक्षम बनाता है। नई रणनीति इन चार महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हितों, या “चार स्तंभों” की पहचान करती है:
- अमेरिका, अमेरिकी जनता, और अमेरिकी जीवनशैली की रक्षा;
- अमेरिकी समृद्धि को प्रोत्साहन;
- ताक़त के सहारे शांति बनाए रखना;
- अमेरिकी प्रभाव को बढ़ाना.
- नई रणनीति दुनिया में हमारे स्थान को प्रभावित करने वाली प्रमुख चुनौतियों और प्रवृत्तियों पर ध्यान केंद्रित करती है, जिनमें शामिल हैं:
- चीन और रूस जैसी संशोधनकारी ताक़तें, जो दुनिया को हमारे हितों और मूल्यों के विपरीत रूप देने के लिए टेक्नोलॉजी, प्रचार, और दबाव का उपयोग करती हैं;
- क्षेत्रीय तानाशाह जो आतंक फैलाते हैं, अपने पड़ोसियों को धमकाते हैं, और सामूहिक विनाश के हथियारों को पाने का प्रयास करते हैं;
- जिहादी आतंकवादी जो एक विकृत विचारधारा के नाम पर बेगुनाहों के खिलाफ़ घृणा फैलाते हैं, और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन जो हमारे समुदायों के बीच ड्रग्स और हिंसा का संचार करते हैं।
- नई रणनीति सैद्धांतिक यथार्थवाद की राष्ट्रपति की अवधारणा को स्वर देती है और उसे आगे बढ़ाती है।
- यह एक यथार्थवादी रणनीति है क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय राजनीति में ताक़त की केंद्रीय भूमिका को स्वीकार करती है, इस बात की पुष्टि करती है कि मज़बूत और सार्वभौम राष्ट्र एक शांतिपूर्ण विश्व के लिए सर्वश्रेष्ठ आशा हैं, और स्पष्ट रूप से हमारे राष्ट्रीय हितों को परिभाषित करती है।
- यह सिद्धांतयुक्त है क्योंकि यह उन अमेरिकी सिद्धांतों के प्रसार पर आधारित है जो दुनियाभर में शांति और समृद्धि फैलाते हैं।
- अमेरिका की सुरक्षा: राष्ट्रपति ट्रंप की बुनियादी ज़िम्मेदारी है अमेरिकी जनता, अमेरिका, और अमेरिकी जीवनशैली की सुरक्षा करना।
- हम अमेरिका की रक्षा और अपनी संप्रभुता को पुनर्स्थापित करने के लिए अपनी सीमाओं का नियंत्रण मज़बूत करेंगे और अपनी आव्रजन प्रणाली में सुधार करेंगे।
- अमेरिका के लिए सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खतरे हैं:
- हत्या, दमन, और गुलामी के लिए जघन्य क्रूरता का, तथा कमज़ोर लोगों का फायदा उठाने और साज़िशों को प्रेरित एवं निर्देशित करने के लिए आभासी नेटवर्कों का इस्तेमाल करने वाले जिहादी आतंकवादी।
- ड्रग्स और हिंसा के ज़रिए हमारे समुदायों को विखंडित करने, तथा लोकतांत्रिक संस्थानों को भ्रष्ट कर हमारे मित्र राष्ट्रों और साझीदारों को कमज़ोर करने वाले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन।
- अमेरिका खतरों को उनके उद्गम पर ही निशाना बनाएगा: हम हमारी सीमाओं तक पहुंचने या हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने से पहले ही खतरों का मुकाबला करेंगे।
- हम अपने अहम आधारभूत ढांचों और डिजिटल नेटवर्कों की रक्षा के अपने प्रयासों को तेज करेंगे, क्योंकि नई टेक्नोलॉजी और नए विरोधी नई असुरक्षाएं पैदा करते हैं।
- मिसाइल हमलों से अमेरिका की रक्षा के लिए हम एक परतदार मिसाइल रक्षा प्रणाली तैनात कर रहे हैं।
- अमेरिकी समृद्ध को प्रोत्साहन: एक मज़बूत अर्थव्यवस्था अमेरिकी लोगों की रक्षा करती है, हमारी जीवनशैली का समर्थन करती है, और अमेरिकी ताक़त को बनाए करती है।
- हम अमेरिकी कामगारों और कंपनियों के हित में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में नई जान फूंकेंगे, जो कि हमारी राष्ट्रीय ताक़त को पुनर्स्थापित करने के लिए आवश्यक है।
- अमेरिका चिरकालिक व्यापर दुरुपयोगों को अब सहन नहीं करेगा तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष, और पारस्परिक आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाएगा।
- इस 21वीं सदी की भूराजनीतिक प्रतिस्पर्द्धा में सफल होने के लिए अमेरिका को अनुसंधान, प्रौद्योगिकी, और नवोन्मेष में आगे रहना होगा। हम उन सबसे अपने राष्ट्रीय सुरक्षा नवोन्मेष आधार की रक्षा करेंगे जो कि हमारी बौद्धिक संपदा की चोरी करते हैं और मुक्त समाजों की नई खोजों का अनुचित दोहन करते हैं।
- अमेरिका ऊर्जा के क्षेत्र में अपने प्रभुत्व का उपयोग यह सुनिश्चित करने में करेगा कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार खुले रहें, और विविधिकरण एवं ऊर्जा तक पहुंच के फायदे आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ावा दें।
III. ताक़त के सहारे शांति बनाए रखना: एक सशक्त, नवीकृत, और पुनरोदित अमेरिका शांति सुनिश्चित करेगा और शत्रुता को दूर रखेगा।
- हम अमेरिका की सैन्य ताक़त का पुनर्निर्माण करेंगे यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह सर्वश्रेष्ठ बनी रहे।
- सामरिक प्रतिस्पर्द्धा के इस नए दौर में अपने हितों की रक्षा के लिए अमेरिका शासन के सभी साधनों – कूटनीतिक, सूचना संबंधी, सैन्य, और आर्थिक – का उपयोग करेगा।
- अमेरिका अनेक क्षेत्रों – अंतरिक्ष और साइबर समेत – में अपनी क्षमताओं को मज़बूत बनाएगा और उपेक्षित क्षमताओं को पुनर्जीवित करेगा।
- अमेरिका के मित्र राष्ट्र और साझीदार हमारी ताक़त को बढ़ाते हैं और हमारे साझा हितों की रक्षा करते हैं। हम साझा खतरों का सामना करने के लिए उनसे ज़्यादा ज़िम्मेदारी उठाने की उम्मीद करते हैं।
- हम सुनिश्चित करेंगे कि दुनिया के प्रमुख क्षेत्रों – हिंद-प्रशांत, यूरोप, और मध्य पूर्व – में सत्ता संतुलन अमेरिका के पक्ष में बना रहे।
- अमेरिकी प्रभाव को बढ़ाना: अपने पूरे इतिहास में अच्छाई की ताक़त रहा अमेरिका अपने हितों को आगे बढ़ाने और मानवता को लाभान्वित करने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करेगा।
- अमेरिकी जनता की रक्षा और अपनी समृद्धि को बढ़ाने के लिए हमें विदेशों में अपने प्रभाव का विस्तार करते रहना होगा।
- अपने हितों की रक्षा करने, अमेरिकियों के लिए नए आर्थिक अवसर ढूंढने, और अपने प्रतिस्पर्द्धियों को चुनौती देने के लिए अमेरिका के कूटनीतिक और विकास प्रयास हर क्षेत्र – द्विपक्षीय, बहुपक्षीय, और सूचना क्षेत्र – में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रतिस्पर्द्धा करेंगे।
- मुक्त बाज़ार अर्थव्यवस्था, निजी क्षेत्र में वृद्धि, राजनीतिक स्थिरता, और शांति को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका समान विचारधारा के राष्ट्रों के साथ साझीदारी का प्रयास करेगा।
- हम अपने मूल्यों – कानून के शासन और वैयक्तिक अधिकार समेत – की हिमायत करते हैं जो कि सशक्त, स्थिर, समृद्ध, और संप्रभु राष्ट्रों को बढ़ावा देते हैं।
- हमारी अमेरिका प्रथम विदेश नीति दुनिया में अमेरिका के प्रभाव को एक सकारात्मक ताक़त के रूप में देखती है जो कि शांति, समृद्धि, और सफल समाजों के विकास की परिस्थितियों के निर्माण में सहायक हो सकता है।
