विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
तत्काल जारी करने के लिए
जून 25, 2019
अमेरिका के विदेश मंत्री माइकल आर. पोम्पियो धार्मिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए 16 से 18 जुलाई तक वाशिंगटन, डी.सी. स्थित अमेरिकी विदेश विभाग में दूसरे मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का आयोजन करेंगे। दुनिया में सभी के लिए धार्मिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देना 21वीं सदी की निर्णायक चुनौतियों में से एक है, जो इस प्रशासन की विदेश नीति की शीर्ष प्राथमिकताओं में से है। चुनौतियों की बेहतर समझ विकसति करने, तथा असहिष्णुता, भेदभाव और धार्मिक अधिकारों के हनन के मुकाबले के वास्ते रणनीतियां तैयार करने के लिए मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में अभूतपूर्व संख्या में सिविल सोसायटी संगठन, धार्मिक नेता और उच्चस्तरीय अधिकारी एकत्रित होंगे। यह सम्मेलन दुनिया भर से पधारे धार्मिक उत्पीड़न के पीड़ितों को अपने साहस और सहनशक्ति का वृतांत सुनाने के लिए मंच प्रदान करेगा।
मंत्रिस्तरीय सम्मेलन से पहले, 15 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता मामलों के विशेष राजदूत सैम ब्राउनबैक धार्मिक उत्पीड़न के पीड़ितों के लिए अमेरिकी होलोकॉस्ट मेमोरियल म्यूज़ियम का विशेष दौरा आयोजित करेंगे। राजदूत ब्राउनबैक उसके बाद अपना संबोधन देंगे और म्यूज़ियम के स्मृति कक्ष में दीप प्रज्वलन समारोह में भाग लेंगे।
16 जुलाई को, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, सिविल सोसायटी संगठन और धार्मिक नेता धार्मिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए परस्पर सहयोग बढ़ाने के अवसरों के बारे में विचार-विमर्श करेंगे।
17 जुलाई को, मंत्रिस्तरीय कार्यक्रमों के तहत विषय विशेष के विशेषज्ञों, सिविल सोसायटी के कार्यकर्ताओं, धार्मिक नेताओं, शिक्षाविदों और विशेषज्ञ स्तर के सरकारी अधिकारियों के साथ गहन चर्चाओं और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, विदेश विभाग सबके लिए धार्मिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने की दिशा में सतत और अथक प्रतिबद्धता दिखाने वाली शख्सियतों को अपना प्रथम अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पुरस्कार प्रदान करेगा।
18 जुलाई को, सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधि धार्मिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए भागीदारी आधारित तरीकों पर विचार करेंगे और नई प्रतिबद्धताओं की घोषणा करेंगे। उसी शाम, सम्मेलन के प्रतिभागी और आमंत्रित अतिथि अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता बढ़ाने को लेकर दुनिया भर में हुई प्रगति के सम्मान के लिए नेशनल म्यूज़ियम ऑफ अफ्रीकन अमेरिकन हिस्ट्री एंड कल्चर में एकत्रित होंगे।
प्रेस से संबंधित सूचनाओं के लिए कृपया IRFMinisterialPress@state.gov पर ईमेल भेजें और इस आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए 2017-2021.state.gov/religiousfreedom पर जाएं। ट्विटर पर चर्चा में भागीदारी के लिए @IRF_Ambassador को फॉलो करें और #IRFMinisterial हैशटैग का उपयोग करें।
