तत्काल जारी करने के लिए
जुलाई 18, 2019
निम्नांकित पाठ प्रवक्ता मॉर्गन ऑर्टेगस के हवाले से है:
उप विदेश मंत्री जॉन जे. सुलिवन ने, हथियार नियंत्रण एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की अवर विदेश मंत्री एंड्रिया थॉम्पसन और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के वरिष्ठ निदेशक टिम मॉरिसन के साथ, नॉर्थ अटलांटिक काउंसिल (एनएसी) को जिनीवा में रूसी अधिकारियों के साथ अपने हाल के सामरिक सुरक्षा संवाद के मुख्य बिंदुओं की जानकारी देने के लिए 18 जुलाई को ब्रसेल्स, बेल्जियम स्थित नैटो मुख्यालय का दौरा किया।
यह संवाद सामरिक सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर अमेरिका और रूस की वार्ताओं की श्रृंखला के तहत आयोजित होता है। एनएसी को अपनी ब्रीफिंग में, उप विदेश मंत्री ने एक नई दिशा की राष्ट्रपति की परिकल्पना के अनुरूप परमाणु हथियार नियंत्रण व्यवस्था के आधुनिकीकरण पर बल दिया। अमेरिका ने एक ओर जहां रूस द्वारा गैर-सामरिक परमाणु हथियारों के विकास और उनकी तैनाती तथा पारदर्शिता के अभाव को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की, वहीं उसने, जहां तक संभव हो, सुरक्षा एवं हथियार नियंत्रण संबंधी मुद्दों पर रूस के साथ बातचीत जारी रखने तथा इन वार्ताओं के बारे में सहयोगी राष्ट्रों को अवगत कराते रहने के अपने इरादे की भी पुष्टि की।
उप विदेश मंत्री ने नैटो की आगामी 70वीं वर्षगांठ के मद्देनज़र इस परा-अटलांटिक गठबंधन के महत्व को भी रेखांकित किया।
