
अमेरिकी विदेश विभाग
प्रेस बयान
माइकल आर. पोम्पियो, विदेश मंत्री
अगस्त 25, 2020
आज वित्त विभाग के विदेशी परिसंपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफ़एसी) ने दुनिया के सबसे प्रमुख डग्स तस्करों में से एक चीनी नागरिक झंग ताओताओ को प्रतिबंधों के लिए नामित किया है। झंग और हांगकांग स्थित उपक्रम एलिराइज़ टेक्नोलॉजी ग्रुप कंपनी लिमिटेड को फ़ॉरेन नारकोटिक्स किंगपिन डेज़िगनेशन एक्ट (किंगपिन एक्ट) के तहत अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में उनकी भूमिका के लिए नामित किया गया है। आज की कार्रवाई फ़ेंटानिल और अन्य सिंथेटिक ओपियोड के अवैध उत्पादन और चीन से उनकी तस्करी के मुक़ाबले के सरकारव्यापी प्रयासों के तहत की गई है। ये नशीली दवाएं लाखों अमेरिकियों की जान ले चुकी हैं।
पार्सल के सामान की पहचान छुपाने और माल ज़ब्ती की अधिकारियों की कार्रवाइयों से बचने के लिए झूठे नामों का इस्तेमाल कर, झंग ने विभिन्न लोगों और शिपिंग सेवाओं के ज़रिए अमेरिका में सिंथेटिक ओपियोड पहुंचाने का काम किया है। उसकी भेजी खेप के अमेरिका पहुंचने पर स्थानीय वितरक फ़ेंटानिल को दवा की नकली गोलियों में मिलाकर उसका आगे घरेलू वितरण करते हैं। एलिराइज़ टेक्नोलॉजी ग्रुप कंपनी लिमिटेड को झंग के स्वामित्व में होने, उसके द्वारा नियंत्रित या निर्देशित होने, या उसके लिए काम करने के आरोप में प्रतिबंधों के लिए नामित किया गया है।
नामित करने की आज की कार्रवाई ड्रग्स की तस्करी करने वाले संगठनों को रोकने और उनके द्वारा चीन से ड्रग्स के फ़ॉर्मूला रसायन खरीद कर उनसे फ़ेंटानिल बनाने और तैयार उत्पाद को अमेरिका पहुंचाने की प्रक्रिया को बाधित करने के व्यापक अमेरिकी प्रयासों के तहत की गई है। अमेरिका सप्लाई चेन की इस समस्या से निपटने में चीनी सहयोग के लिए प्रयासरत है और चीन सरकार से मांग करता है कि वह अपने रसायन उद्योग को नियंत्रित करने के प्रयासों में तेज़ी लाए और इन फॉर्मूला रसायनों की अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में बिक्री पर रोक लगाए।
विदेश विभाग वैश्विक स्तर पर ड्रग्स तस्करी से निपटने के लिए सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग करना जारी रखेगा, जिनमें अवैध ड्रग्स व्यापार और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क को रोकने और बाधित करने के लिए किंगपिन एक्ट तथा विदेश विभाग के नारकोटिक्स एंड ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज़्ड क्राइम रिवार्ड्स जैसे कार्यक्रमों के तहत कार्रवाई शामिल हैं।
उपरोक्त नामित व्यक्ति और कंपनी के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया इसे देखें: https://www.treasury.gov/resource-center/sanctions/Pages/default.aspx.
