अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
प्रेस बयान
माइकल आर. पोम्पियो, विदेश मंत्री
अक्टूबर 19, 2020
न्याय विभाग (डीओजे) और संघीय जांच ब्यूरो (एफ़बीआई) द्वारा रूसी जनरल स्टाफ़ मेन इंटेलिजेंस डायरेक्टोरेट (जीआरयू) की सैन्य इकाई 74455 के छह अधिकारियों पर आपराधिक अभियोग लगाने की आज की घोषणा एक बार फिर साइबर स्पेस में रूस की निरंतर व्यवधानकारी, विध्वंसकारी और अस्थिरकारी गतिविधियों को उजागर करती है।
जैसा कि डीओजे और एफ़बीआई ने स्पष्ट किया है, इस रूसी सैन्य खुफ़िया इकाई ने दुनिया के कई सर्वाधिक विनाशकारी मैलवेयर जारी किए हैं। 2017 का नोटेपेट्या साइबर हमला, जिसके लिए हम पूर्व में सार्वजनिक रूप से रूसी सैन्य खुफ़िया तंत्र को ज़िम्मेदार ठहरा चुके हैं, को यूक्रेन में शुरू किया गया था और उसने यूरोप, एशिया और अमेरिका में अरबों डॉलर का नुक़सान पहुंचाया। जीआरयू की उस कार्रवाई ने जनता को अहम बुनियादी सेवाएं सुलभ कराने में व्यवधान डाला था, जिसमें परिवहन और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों की सेवाएं शामिल थीं.
इसी तरह, डोपिंग रोधी व्यवस्था के उल्लंघनों के लिए रूस को दंडित किए जाने के बाद जीआरयू द्वारा 2018 प्योंगचांग शीतकालीन ओलंपिक को निशाना बनाया जाना, दुर्भावनापूर्ण व्यवहार के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराने वालों के खिलाफ़ साइबर क्षमताओं के इस्तेमाल की रूस की इच्छा को दर्शाता है। अभियोग पत्र में वर्णित जीआरयू के एक और साइबर हमले ने यूक्रेन के महत्वपूर्ण विद्युत वितरण नेटवर्क और वित्तीय सेवाओं को बाधित किया था। अभियोग पत्र में वर्णित अन्य दुर्भावनापूर्ण साइबर गतिविधियों में ब्रिटेन में 2018 में सर्गेई स्क्रिपल और अन्य को ज़हरीले नर्व एजेंट के ज़रिए बीमार किए जाने के मामले की जांच में शामिल संगठनों को निशाना बनाए जाने की घटना भी शामिल है। इन सबके अलावा, अभियोग पत्र में जीआरयू की जॉर्जिया में सरकारी उपक्रमों और निजी कंपनियों तथा फ्रांस के चुनाव को लक्षित करने वाली दुर्भावनापूर्ण साइबर गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है।
संक्षेप में, इन साइबर गतिविधियों से सार्वजनिक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्थिरता की पूर्ण अवहेलना ज़ाहिर होती है। खुद को साइबर स्पेस में स्थिरता के हिमायती बताने वाला रूस, वास्तव में वैश्विक इंटरनेट के सबसे बड़े बाधकों में से एक है। हम रूस से ग़ैरज़िम्मेदाराना रवैया छोड़ने की मांग करते हैं। इसके अलावा, हम साइबर स्पेस में अधिक स्थिरता के हामी सभी राष्ट्रों का आह्वान करते हैं, कि वे आज आरोपित किरदारों को सज़ा दिलाने में हमारी मदद करें।
